खेल

सुनिधि एंजेल एक्का और शाइनी सिमोना टोप्पो को ब्लैक बेल्ट प्रथम डान की उपाधि

रांची। इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकैडमी एवं सिकोकई कराटे इंटरनेशनल इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में ब्लैक बेल्ट सेरेमनी सह सम्मान समारोह का आयोजन बहू बाजार बसर टोली स्थित इमा कराटे स्टूडियो में भव्य रूप से किया गया। इस अवसर पर कराटे खिलाड़ी सुनिधि एंजेल एक्का एवं शाइनी सिमोना टोप्पो को उनकी कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ब्लैक बेल्ट प्रथम डान की उपाधि से नवाज़ा गया।

समारोह के दौरान इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकैडमी के तकनीकी निदेशक रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने खिलाड़ियों के पुराने बेल्ट को उतारकर उन्हें ब्लैक बेल्ट पहनाई तथा ब्लैक बेल्ट प्रथम डान का प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने कहा कि कराटे खेल से जुड़े हर खिलाड़ी का सपना ब्लैक बेल्ट हासिल करना होता है। यह उपलब्धि वर्षों की कठिन साधना, अनुशासन और समर्पण के बाद मिलती है। उन्होंने बताया कि सुनिधि और शाइनी ने लगभग तीन वर्षों की कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के बाद यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकैडमी के अध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा, खिलाड़ियों के अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और आगे भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *