पश्चिमी सिंहभूमि

पॉलीथीन की बिक्री के खिलाफ नगर परिषद ने की छापेमारी, 24,200 वसूला जुर्माना

पश्चिमी सिंहभूम, 31 जनवरी । सिंगल यूज पॉलीथीन को लेकर नगर परिषद चाईबासा की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को नगर परिषद की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया गया, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इस अभियान में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त करते हुए कुल 24,200 रुपये का दंड वसूला गया।

टीम ने नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत कई दुकानों की जांच की और सिंगल यूज प्लास्टिक और अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों को जब्त किया।

नगर परिषद की ओर से दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि भविष्य में किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग न करें।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस मौके पर प्रशिक्षु आईएएस पदाधिकारी और नगर परिषद चाईबासा के प्रशासक सिद्धांत कुमार ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए अत्यंत हानिकारक है। इससे न केवल प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि मानव स्वास्थ्य और जीव-जंतुओं पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है और इसके अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जागरूकता के साथ-साथ सख्त कार्रवाई भी जरूरी है। नियमों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *