रांची

वीबी-जी रामजी रद्द करने की मांग को लेकर माकपा का राज्यव्यापी अभियान शुरू

माकपा

Ranchi : महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की। यह अभियान मनरेगा को समाप्त कर वीबी-जी रामजी लागू करने के प्रस्ताव के विरोध में चलाया जा रहा है। माकपा की राज्य कमिटी के आह्वान पर शुरू हुआ यह अभियान 12 फरवरी तक चलेगा। शुक्रवार को पार्टी के मेन रोड स्थित राज्य कार्यालय में अभियान की औपचारिक शुरुआत हुई। इस मौके पर दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के रांची, गुमला, लोहरदगा, खूंटी और गुमला जिलों से आए पार्टी के जिला सचिवों और कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

माकपा ने बताया कि अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता झारखंड के सभी जिलों में गांव-गांव जाकर मनरेगा जॉब कार्डधारी ग्रामीणों से मिलेंगे। उन्हें मनरेगा की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी और यह समझाया जाएगा कि इस योजना ने कैसे ग्रामीण रोजगार और आजीविका को सहारा दिया है। साथ ही वीबी-जी रामजी को रद्द कर मनरेगा को बहाल करने की मांग के पक्ष में जनमत तैयार किया जाएगा। इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार लेबर कोड के विरोध में संयुक्त ट्रेड यूनियन मंच की ओर से प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को भी माकपा का समर्थन रहेगा। इसी क्रम में झारखंड में दो घंटे का रास्ता रोको कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

अभियान का उद्घाटन करते हुए माकपा के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां मजदूरों और किसानों के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ बड़े कॉरपोरेट घरानों को राहत दी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ मजदूरों और किसानों के अधिकारों को सीमित कर उन्हें और अधिक गरीबी की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस तरह की नीतियों का हर स्तर पर विरोध करेगी। कार्यक्रम में पार्टी के समीर दास, अमल आजाद, रवि सिंह, प्रफुल्ल लिंडा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *