देवघर पहुंचे सांसद निशिकांत दुबे, सीएम हेमंत के वेतन और मंईयां सम्मान योजना पर बोल गए बड़ी बात

Deoghar : भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे शुक्रवार को देवघर पहुंचे। देवघर एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान सांसद ने मीडिया से बातचीत करते हुए यूजीसी विवाद और राज्य–केंद्र संबंधों पर खुलकर अपनी राय रखी।
झारखंड सरकार पर साधा निशाना
सांसद निशिकांत दुबे ने झारखंड सरकार द्वारा केंद्र सरकार पर लगाए जा रहे एक लाख 36 हजार करोड़ रुपये बकाया के आरोपों पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। ऐसी हालत है कि मार्च के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का वेतन मिलने में भी परेशानी हो सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में मंईयां सम्मान योजना बंद हो सकती है और अबुआ आवास योजना के कार्य भी रुक सकते हैं।
सांसद ने कहा कि राज्य सरकार के पास विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धन नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंईयां सम्मान योजना के कारण राज्य में विकास कार्य ठप हो गए हैं। गौरतलब है कि झारखंड सरकार लगातार केंद्र सरकार से बकाया राशि की मांग कर रही है और आगामी बजट में इसके लिए प्रावधान की बात कह रही है।
यूजीसी विवाद पर प्रतिक्रिया
यूजीसी से जुड़े मामले पर सांसद ने कहा कि यह विषय सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और इस पर फिलहाल स्टे लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 14 और 15 पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को सुरक्षा प्रदान करते हैं। देश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने सवर्ण समाज के लिए भी आरक्षण की व्यवस्था की है, जिससे यह साफ होता है कि सरकार सभी वर्गों के हित में काम कर रही है। सांसद ने यूजीसी मुद्दे पर विरोध कर रहे लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा रखने की अपील की।
सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का सम्मान
निशिकांत दुबे ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा लिया गया हर निर्णय पूरी तरह सम्मान योग्य है और भारतीय जनता पार्टी न्यायपालिका के फैसलों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों पर सवाल उठाने वालों को संविधान के अनुच्छेद 14 और 15 का अध्ययन करना चाहिए।
देवघर को बताया उभरता टेक हब
इसके अलावा सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि देवघर अब केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्टार्टअप इनोवेशन का उभरता केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश की टेक कंपनियों और स्टार्टअप लीडर्स की भागीदारी से संताल परगना तकनीक और नवाचार के नए मानचित्र पर अपनी पहचान बना रहा है। यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और डिजिटल इंडिया विज़न का परिणाम है।
