पलामू

हुसैनाबाद थाना प्रभारी की पत्नी संग डांस का रील वायरल, विभागीय जांच शुरू

पलामू

पलामू, 27 जनवरी । गणतंत्र दिवस जैसे गरिमामय अवसर पर थाना परिसर में वर्दी पहनकर रील बनाना हुसैनाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोनू चौधरी को भारी पड़ता नजर आ रहा है। पत्नी के साथ डांस करते हुए बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर सोनू चौधरी थाना परिसर में वर्दी में नजर आ रहे हैं, जहां वे अपनी पत्नी के साथ डांस करते हुए उन्हें टोपी पहनाते दिखाई देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस की गरिमा और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए हुसैनाबाद के एसडीपीओ मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने भी जांच की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि इंस्पेक्टर सोनू चौधरी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है कि वर्दी की मर्यादा भंग करने के इस मामले में थाना प्रभारी पर क्या कार्रवाई होती है।

इंस्पेक्टर सोनू चौधरी पिछले कुछ महीनों से पलामू के हुसैनाबाद के प्रभारी के पद पर तैनात हैं। इससे पहले सोनू चौधरी पलामू के चैनपुर थानेदार चुके हैं। 2012 बैच के सब इंस्पेक्टर थे और 2024 में प्रमोशन लेकर इंस्पेक्टर बने हैं। ये जिस इलाके में तैनात हैं वह बिहार से सटा हुआ सोन का किनारा है। हुसैनाबाद का इलाका नक्सल अन्य गतिविधि के लिए चर्चित रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *