77वां गणतंत्र दिवस : रांची नगर निगम में प्रशासक सुशांत गौरव ने किया ध्वजारोहण

Ranchi : 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रांची नगर निगम कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अपर प्रशासक संजय कुमार, उप प्रशासक रविन्द्र कुमार एवं उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू सहित सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी, सभी सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक, नगर अभियान प्रबंधक तथा नगर निगम के सभी अभियंता और कर्मी उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया और संविधान की गरिमा बनाए रखने तथा देश की सेवा के संकल्प को दोहराया गया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखा गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
