रांची

झारखंड के माैसम में उतार-चढ़ाव जारी, कांके में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री

रांची, 24 जनवरी । राज्य भर में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। राजधानी रांची के कांके में अभी भी न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस है, जबकि डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री पहुंच गया है।

इससे डाल्टनगंज के लोगों को दिन में भारी गर्मी का एहसास हो रहा है। हालांकि यहां शाम होते ही ठंड महसूस हो रही है। इसके चलते शनिवार को यहां न्यूनतम तापमान आठ डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तरी पंजाब और आसपास के इलाकों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। साथ ही उत्तरी राज्यों में हो रही बर्फबारी के कारण देश के मैदानी और मध्यवर्ती भागों में ठंडी हवाएं फिर से चलने लगी हैं। इसके कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 31.2 डिग्री डाल्टनगंज में और सबसे कम तापमान 5.7 डिग्री रांची के कांके में रिकॉर्ड किया गया।

शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर मौसम साफ रहा और मध्यम दर्जे की हवा चली। इसके कारण लोगों को दिन में कनकनी महसूस हुई।

वहीं, शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री डाल्टनगंज में अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 11.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31.2 और न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री और 9.1 डिग्री सेल्सियस एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *