बोकारो में स्कूल पर हमला : सीसीटीवी काटकर अपराधियों ने फूंक डाली तीन बसें सहित चार गाड़ियां

Bokaro : झारखंड के बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में गुरुकुल पब्लिक स्कूल में बीती रात अज्ञात लोगों ने आगजनी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। इस घटना में स्कूल परिसर में खड़ी तीन स्कूल बसें और एक टाटा मैजिक वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आगजनी से स्कूल को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
स्कूल के निदेशक कृष्ण गोपाल पाण्डेय के अनुसार, रात करीब 10 बजे अपराधी स्कूल परिसर में घुसे। सबसे पहले उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए, ताकि उनकी गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद स्कूल में तैनात चौकीदार देवी लाल के कमरे और आवासीय कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी गई। इसके बाद अपराधियों ने परिसर में खड़े वाहनों में आग लगा दी।

आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में तीन स्कूल बसें – 55 सीटर, 53 सीटर और 43 सीटर – के साथ एक टाटा मैजिक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। ये सभी वाहन स्कूल के छात्रों के रोजाना आवागमन में उपयोग किए जाते थे। वाहनों के जलने से स्कूल की परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
निदेशक कृष्ण गोपाल पाण्डेय ने बताया कि स्कूल के सभी वाहनों का बीमा कराया गया है, लेकिन इस घटना से स्कूल को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ शैक्षणिक व्यवस्था में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। लोगों ने इस तरह की घटना पर नाराजगी जताते हुए स्कूल परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
