Home

झरिया में रास्ता का लेकर बवाल, बीसीसीएल कर्मियों से मारपीट

Jharia : बीसीसीएल एरिया-10 अंतर्गत तीसरा थाना क्षेत्र में रास्ता विवाद को लेकर गुरुवार को भारी हंगामा हो गया। बीसीसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि एलबी सिंह के समर्थकों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें कई कर्मी घायल हो गए। इस दौरान महिला कर्मियों के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे जान बचाकर मौके से भागने को मजबूर हो गईं।

हमले में घायल सभी कर्मचारियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना से आक्रोशित बीसीसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों ने तीसरा-बलियापुर मुख्य मार्ग पर ठाकुर मोड़ के पास सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही तीसरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आउटसोर्सिंग प्रबंधन द्वारा मनमानी करते हुए रातों-रात मशीन लगाकर सड़क काट दी गई थी। जब सुबह मजदूर काम पर पहुंचे तो उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस मामले में जनता मजदूर संघ बच्चा गुट के महामंत्री अभिषेक सिंह भी बीसीसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों के आंदोलन में शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय कार्य को बाधित करने और एमडीओ (माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रास्ता काटा गया है।

अभिषेक सिंह ने बताया कि बीसीसीएल प्रबंधन और सभी ट्रेड यूनियनों के बीच हुए समझौते के अनुसार अगले दस वर्षों तक विभागीय कार्य बिना किसी बाधा के जारी रहना है। इसके बावजूद कर्मचारियों पर हमला किया गया, जिसमें कई मजदूर गंभीर रूप से घायल होकर सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती हैं। इसी के विरोध में यह धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *