गरीबों की बद्दुआ में होती है ताकत, सत्ता के दुरुपयोग का हिसाब जरूर होता है: डॉ. इरफान अंसारी
रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि गरीबों और बेगुनाहों की बद्दुआ में बहुत ताकत होती है और किसी मां-बाप की औलाद को मारकर कोई कभी सुखी नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि सत्ता के दुरुपयोग का परिणाम भले ही देर से सामने आए, लेकिन उससे कोई बच नहीं सकता।
डॉ. अंसारी ने आरोप लगाया कि रघुवर दास के शासनकाल में सत्ता का खुला दुरुपयोग हुआ, जिसमें कई निर्दोष लोगों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि उस दौर में इंसानियत को कुचला गया और जिन लोगों को सजा मिलनी चाहिए थी, उन्हें बचाने का काम किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्यारों को दंडित करने के बजाय उन्हें सम्मानित किया गया, जो न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में भी स्पष्ट रूप से कहा था कि गरीबों को कुचलकर कोई खुश नहीं रह सकता और ऐसे लोग अंततः बर्बादी की ओर जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज जनता खुद देख रही है कि गरीबों की बद्दुआ किस तरह असर दिखा रही है।
डॉ. अंसारी ने कहा कि वे हमेशा जनता की आवाज उठाते रहे हैं और आगे भी हर मंच पर जनता के हक की बात मजबूती से उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्हें जनता के भरोसे और समर्थन की जरूरत है, ताकि भाजपा की हर साजिश का डटकर जवाब दिया जा सके।
सरकार के फैसलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में 15 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा शुरू की गई है, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब कोई भी व्यक्ति बेहतर इलाज से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सत्ता की राजनीति नहीं, बल्कि जनता की जरूरतों को समझकर लिया गया है।
डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 20 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद पार्टी गरीबों के हित में ईमानदारी से काम नहीं कर सकी। अब जब मौजूदा सरकार जनता के पक्ष में फैसले ले रही है, तो भाजपा बेचैन हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालयों और सोशल मीडिया पर रोज उनका नाम लिया जा रहा है, लेकिन इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने दो टूक कहा कि वे जनता के साथ खड़े हैं और जनता का साथ मिला तो भाजपा को राज्य से बाहर करने का काम करेंगे।
