राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: कांके के सदमा गांव में सैकड़ों ग्रामीणों के साथ सड़क सुरक्षा पर चौपाल आयोजित
यातायात नियमों, सुरक्षित ड्राइविंग और दुर्घटना रोकथाम को लेकर ग्रामीणों को किया गया जागरूक
रांची : उपायुक्त रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत रविवार, 18 जनवरी 2026 को सड़क सुरक्षा माह के 18वें दिन कांके प्रखंड के सदमा गांव में सड़क सुरक्षा को लेकर एक व्यापक चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अखिलेश कुमार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों के साथ सड़क सुरक्षा विषय पर सकारात्मक परिचर्चा की गई। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई तथा लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला रोड इंजीनियर एनालिस्ट श्री गौरव कुमार, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, जिला परिषद सदस्य श्रीमती किरण देवी, स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब के निदेशक अनवरूल हक, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई करने वाले पर्वतारोही अवधेश बिहारी लाल, जितेंद्र प्रताप, महेंद्र प्रताप एवं गोविंद नंद की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष प्रेरणादायक बना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला रोड इंजीनियर एनालिस्ट श्री गौरव कुमार ने ग्रामीणों से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा का ध्यान रखने, ट्रिपल लोडिंग से बचने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नियमों की अनदेखी के कारण दुर्घटनाएं अधिक होती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि जीवन अनमोल है, यदि कहीं सड़क दुर्घटना हो जाए तो वीडियो या रील बनाने के बजाय घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाना हर जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है।
इस अवसर पर ग्रामीण राहगीरों के बीच रोड सेफ्टी बुकलेट का वितरण किया गया तथा सभी को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही सड़क सुरक्षा के महत्व को सरल और प्रभावी ढंग से समझाने के लिए झारखंड की नुक्कड़ नाटक संस्था जन विकास मंच द्वारा सड़क सुरक्षा पर आधारित नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति भी की गई, जिसे ग्रामीणों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से रेखा महतो, रामा तिर्की, सरिता देवी, हेमलता देवी, बलराम महतो, सतेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
