रांची

मधुपुर में अमन चैन बनाए रखने की अपील, अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी

मधुपुर

Deoghar : देवघर के डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी सौरभ की सयुंक्त अध्यक्षता में आज मधुपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लालगढ़ के दोनों समुदायों के लोग शामिल हुए और उन्होंने अपनी समस्याएं व सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। डीसी लकड़ा ने कहा कि प्रशासन सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अफवाहों से दूर रहने और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी परेशानी की स्थिति में लोग सीधे प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का सही और सकारात्मक इस्तेमाल करने और भविष्य पर ध्यान देने को कहा।

एसपी सौरभ ने लालगढ़ के लोगों को एक परिवार की तरह रहने की चेतावनी दी और स्पष्ट किया कि माहौल खराब करने वालों और सोशल मीडिया पर भ्रामक या झूठी जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार पर्व-त्योहार के दौरान डीजे का इस्तेमाल पूर्णतः निषिद्ध है और इसका उल्लंघन करने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। बैठक में एसडीपीओ राजीव कुमार, बीडीओ, सीओ और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। अधिकारियों ने सभी से अपील की कि वे प्रशासन और समाज के सहयोग से मधुपुर में अमन और सौहार्द बनाए रखें।

मालूम हो कि बीते दिनों इस इलाके में एक धार्मिक स्थल के सौंदर्यीकरण का काम चल रहा था, जिसका एक समुदाय के कुछ लोगों द्वारा विरोध किया गया था। विरोध के बाद भयंकर बवाल हुआ था। अब हालात काबू में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *