धनबाद

अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद परिजनों का हंगामा, 36 घंटे इलाज टालने का आरोप

महिला

Dhanbad : धनबाद के एशियन जालान अस्पताल में एक गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृत महिला की पहचान किरण देवी के रूप में हुई है, जो सरायढेला निवासी नारायण निषाद की पत्नी थीं। परिजनों के मुताबिक, किरण देवी को करीब एक सप्ताह पहले प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन शनिवार को बच्चे के जन्म से पहले ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही और जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है।

ऑपरेशन टालते रहे डॉक्टरों का आरोप

मृतका के भाई ने बताया कि डॉक्टरों ने पहले ऑपरेशन की बात कही थी, लेकिन बाद में पेट सुन्न होने का हवाला देकर ऑपरेशन टाल दिया और नॉर्मल डिलीवरी की कोशिश की बात कही। परिजनों का आरोप है कि पिछले 36 घंटों तक इलाज को टालते रहे। परिजनों के अनुसार, जब शनिवार को डिस्चार्ज की प्रक्रिया शुरू होने वाली थी, तभी अचानक महिला की हालत बिगड़ने की बात कहकर उसे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने बाहर से किसी सीनियर डॉक्टर को बुलाने की मांग की थी और उसका खर्च खुद उठाने को तैयार थे, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने मना कर दिया। इसके बाद महिला की मौत हो गई।

पैसों को लेकर दबाव का आरोप

परिजनों का कहना है कि जब मरीज की हालत गंभीर थी, तब भी अस्पताल प्रबंधन की ओर से ₹50 हजार जमा करने का दबाव बनाया जा रहा था। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि किरण देवी को एक क्रिटिकल केस के रूप में भर्ती कराया गया था ताकि मां और बच्चे की जान बचाई जा सके। उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और कहा कि यह अस्पताल चैरिटी के उद्देश्य से बनाया गया था, लेकिन गरीब मरीजों पर पैसों का दबाव बनाना गलत है। पूर्व मेयर ने मामले की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन से बात करने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *