टाटा पावर मजदूर यूनियन ने किया जोरदार प्रदर्शन, 17 जनवरी तक मांगे न पूरी होने पर हड़ताल का ऐलान

Jamshedpur : जमशेदपुर में टाटा पावर मजदूर यूनियन ने आज यानी गुरुवार को सीतारामडेरा स्थित उपश्रमायुक्त कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। मजदूरों ने टाटा पावर कंपनी पर ठेका श्रमिकों का आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने एक मांग पत्र उपश्रमायुक्त को सौंपा।
मजदूर यूनियन का कहना है कि जोजोबेड़ा टाटा पावर प्लांट में लगभग 100 स्थायी कर्मचारी हैं, जबकि करीब 600 ठेका मजदूर विभिन्न विभागों में वर्षों से काम कर रहे हैं। इन ठेका मजदूरों में बड़ी संख्या स्थानीय आदिवासी और मूलवासी श्रमिकों की है, जो 15 से 20 वर्षों से कंपनी में कार्यरत हैं।
मजदूर नेता अंबुज ठाकुर ने बताया कि ठेका श्रमिक ESP, वेट ऐश, मिल, बॉयलर, टरबाइन, CHP, C&I, इलेक्ट्रिकल, कैंटीन, फायर, सिक्योरिटी, हाउसकीपिंग, गार्डन, रेलवे ट्रैक, लोको, डोजर समेत कई विभागों में विभिन्न ठेकेदारों के माध्यम से काम कर रहे हैं। इन श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, ग्रेड रिवीजन, उचित ओवरटाइम भुगतान और अन्य मूलभूत सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं।
मजदूर यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें 17 जनवरी तक पूरी नहीं हुईं, तो टाटा पावर प्लांट में हड़ताल की रणनीति बनाई जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर बड़ा हड़ताल भी किया जाएगा।
