खेलरांची

बोंगो भूमि कप अंतरराष्ट्रीय कराटे चैम्पियनशिप में रांची के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, लौटने पर हुआ भव्य स्वागत

रांची: जेटेकन शितोरियू कराटे डू एसोसिएशन इंडिया के तत्वावधान में कोलकाता में आयोजित बोंगो भूमि कप अंतरराष्ट्रीय कराटे चैम्पियनशिप में रांची के कराटे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक सहित कुल सात पदक जीतकर राज्य और देश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता से लौटने पर रांची रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों का फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया।

खिलाड़ियों का स्वागत इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकैडमी के अध्यक्ष सेंसाई अनिल किस्पोट्टा, राकेश तिर्की, उमाशंकर महतो, खिलाड़ियों के अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन के ट्राइबल एंड माइनॉरिटी डेवलपमेंट कमीशन के चेयरमैन सह इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकैडमी के तकनीकी निदेशक रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने घोषणा की कि इन खिलाड़ियों को शीघ्र ही सम्मानित करने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में

आदित राज – स्वर्ण पदक (काता)
एरोन शीतल खालखो – स्वर्ण पदक (काता)
साक्षी ओझा (कैडेट) – स्वर्ण पदक (कुमिते) एवं रजत पदक (काता)
मिस्ट्री कुमारी – रजत पदक (काता) एवं कांस्य पदक (कुमिते)
मोहम्मद हुज़ैफा अनवर – कांस्य पदक (काता)

शहर लौटने पर खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था। खेल प्रेमियों और अभिभावकों ने खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस उपलब्धि को रांची के कराटे खेल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *