गढवा

गढ़वा में भीषण सड़क हादसा : स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत

सड़क

Garhwa : जिले के गढ़वा–रेहला मुख्य मार्ग पर बेलचम्पा के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित हाईवा ट्रक ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

शादी समारोह से लौट रहे थे मृतक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पलामू जिले के पांडु और गुरी भंडार क्षेत्र के रहने वाले कुछ लोग झारखंड–उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित बिलासपुर गांव में आयोजित वैवाहिक रस्म ‘बरेछेया’ कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। खुशी के माहौल से लौट रहे इन लोगों की यात्रा अचानक मातम में बदल गई, जब रास्ते में हाईवा ने उनकी गाड़ी को चपेट में ले लिया।

घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गढ़वा सदर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेज दिया।

पलामू जिले के थे सभी मृतक

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि सभी मृतक पलामू जिले के पांडु और गुरी भंडार क्षेत्र के निवासी थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है और उनके गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस की कार्रवाई जारी

गढ़वा सदर थाना पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। टक्कर मारने वाले हाईवा की पहचान कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *