नशा उन्मूलन को लेकर डालसा रांची ने चलाया विधिक जागरूकता अभियान

Ranchi : नशा उन्मूलन और युवाओं को नशे से बचाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), रांची द्वारा विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम नालसा की ‘डॉन योजना–2025’ के तहत 5 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक चलाया जा रहा है।
न्यायमूर्ति सह कार्यपालक अध्यक्ष झालसा सुजित नारायण प्रसाद के निर्देश पर एवं माननीय न्यायायुक्त रांची अनिल कुमार मिश्रा-1 के नेतृत्व में इस अभियान का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आज यानी 11 जनवरी को नालसा एसओपी के तहत विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। डैली मार्केट और जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम लोगों को नशे के दुष्प्रभाव और नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में बताया गया। नाटक टीम में निर्देशक और अभिनेता अशोक गोप सहित अन्य कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
इसके अलावा संप्रेक्षण गृह डुमरदगा और बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में भी नशामुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम और शपथ समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, पीएलवी और बंदियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के तहत छात्रों, एनसीसी और एनएसएस वॉलंटियर्स, यूथ क्लबों, अभिभावकों, शिक्षकों और एनजीओ के साथ संवाद किया गया। साथ ही नशा मुक्ति केंद्रों और काउंसलर्स के साथ समन्वय कर समुदाय आधारित रोकथाम रणनीतियों को मजबूत किया गया।
डालसा सचिव राकेश रौशन ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करना और युवाओं को सुरक्षित भविष्य की ओर प्रेरित करना है।
