जमशेदपुर से कोलकाता और भुवनेश्वर की उड़ानों पर संकट, RCS योजना की वैधता खतरे में

Jamshedpur : जमशेदपुर से कोलकाता और भुवनेश्वर के लिए संचालित IndiaOne Air की उड़ानें बंद होने के कगार पर हैं। एयरलाइन ने अपने कर्मचारियों को भेजे एक आंतरिक ईमेल में बताया है कि केंद्र सरकार की RCS (Regional Connectivity Scheme – उड़ान योजना) की वैधता समाप्त होने जा रही है। यदि योजना का विस्तार नहीं किया गया, तो 31 जनवरी से जमशेदपुर-कोलकाता और 28 फरवरी से जमशेदपुर-भुवनेश्वर की उड़ानें बंद हो जाएंगी।
कंपनी ने कहा
RCS योजना खत्म होने के साथ ही टाटा स्टील द्वारा सोनारी एयरपोर्ट पर दी जा रही आर्थिक और परिचालन रियायतें भी समाप्त हो जाएंगी। इसके बिना इन रूट्स पर उड़ानें चलाना आर्थिक रूप से संभव नहीं होगा।
सोनारी एयरपोर्ट पर रियायतों का असर
टाटा स्टील की ओर से रनवे उपयोग, ग्राउंड सपोर्ट और अन्य सुविधाओं में दी जाने वाली रियायतें इन उड़ानों की निरंतरता का आधार रही हैं। बिना RCS सब्सिडी और टाटा स्टील की रियायत के छोटे शहरों से हवाई सेवा संचालित करना एयरलाइन के लिए घाटे का सौदा बन जाएगा। विशेष रूप से, जमशेदपुर की हवाई सेवाओं का बंद होना सिर्फ यात्रा का संकट नहीं, बल्कि शहर की कनेक्टिविटी, निवेश और आपात सेवाओं से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।
राजनीतिक पहल
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षडंगी ने टाटा स्टील के मैनेजिंग डायरेक्टर टीवी नरेंद्रन से मुलाकात कर आग्रह किया कि जमशेदपुर की जनता के हित में रियायतें जारी रहें और उड़ानें बंद न हों। उन्होंने सुझाव दिया कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट तक स्थायी समाधान नहीं निकलने तक सोनारी एयरपोर्ट के रनवे का विस्तार किया जाए और ATR श्रेणी के विमान उतरने की सुविधा दोबारा बहाल की जाए।
टाटा स्टील का आश्वासन
टीवी नरेंद्रन ने कहा कि यदि केंद्र सरकार RCS स्कीम को जमशेदपुर के लिए विस्तार देती है, तो कंपनी लैंडिंग चार्ज, पार्किंग चार्ज और टर्मिनल मैनेजमेंट के खर्चे पहले की तरह जारी रखेगी, ताकि उड़ान सेवा जारी रहे। वर्तमान में सोनारी एयरपोर्ट के रनवे को बढ़ाने के लिए तकनीकी प्रस्ताव बनवाने की प्रक्रिया चल रही है। कुणाल षडंगी ने कहा कि वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी आग्रह करेंगे कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से समय रहते RCS स्कीम का विस्तार करवाया जाए, ताकि शहर के लोगों के लिए यह हवाई सेवा बंद न हो।
