बिहार में कोहरे का असर, कई ट्रेनें रद्द तो कई लेट, रेलवे ने जारी की सलाह

Patna : बिहार में बढ़ती ठंड और घने कोहरे का असर अब रेल परिचालन पर साफ दिखने लगा है। कोहरे की वजह से कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि कई अहम ट्रेनों को आंशिक या पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।
रेलवे के अनुसार बिहार से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है। डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 28 फरवरी तक नहीं चलेगी। कामाख्या-आनंद विहार एक्सप्रेस 27 फरवरी तक रद्द रहेगी। वहीं अम्बाला-बरौनी हरिहर एक्सप्रेस 25 फरवरी तक और बरौनी-अम्बाला हरिहर एक्सप्रेस 27 फरवरी तक बंद रहेगी। इसके अलावा चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस 2 मार्च तक और आनंद विहार–कामाख्या एक्सप्रेस 28 फरवरी तक परिचालन से बाहर रहेंगी।
कुछ ट्रेनों को हफ्ते के तय दिनों में रद्द किया गया है। कामाख्या-आनंद विहार नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस रविवार और बुधवार को नहीं चलेगी, जबकि आनंद विहार-कामाख्या नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस मंगलवार और शुक्रवार को रद्द रहेगी। ग्वालियर–बरौनी एक्सप्रेस सोमवार और गुरुवार को, वहीं बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस मंगलवार और शुक्रवार को नहीं चलेगी।
इसके अलावा लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस हर मंगलवार, हावड़ा-काठगोदाम एक्सप्रेस हर रविवार और काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस हर मंगलवार को रद्द रहेगी। अलीपुरद्वार-दिल्ली सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस बुधवार और शनिवार को नहीं चलेगी, जबकि दिल्ली-अलीपुरद्वार सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस सोमवार और शुक्रवार को बंद रहेगी। यह व्यवस्था 28 फरवरी तक लागू रहेगी।
घने कोहरे के कारण पटना जंक्शन पर कई ट्रेनें काफी देर से पहुंचीं। तेजस राजधानी एक्सप्रेस एक घंटे से अधिक देरी से पहुंची, जबकि संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस 42 मिनट लेट रही। पूर्वा एक्सप्रेस करीब आठ घंटे, अमृत भारत एक्सप्रेस लगभग पांच घंटे और मगध एक्सप्रेस करीब पांच घंटे देरी से पटना पहुंची। कुल 14 ट्रेनें निर्धारित समय से देर से स्टेशन पहुंचीं।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कोहरे की स्थिति सामान्य होते ही ट्रेनों का परिचालन भी समय पर होने लगेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि लंबी दूरी की यात्रा से पहले ऑनलाइन ट्रेन स्टेटस और रिजर्वेशन की जानकारी जरूर लें और ठंड के मौसम में सुरक्षा नियमों का पालन करें।
