चतरा पुलिस के हत्थे चढ़े पांच ब्राउन शुगर तस्कर, 15 लाख का माल जब्त

Chatra : चतरा पुलिस ने नशा विरोधी कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 15 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के तुढाग जंगल में की गई, जहां तस्कर एक लग्जरी आई-20 कार के माध्यम से ब्राउन शुगर की डील करने आए थे।
पुलिस के अनुसार, तस्कर डील को गुप्त रूप से अंजाम देना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनकी योजना विफल कर दी। SP सुमित अग्रवाल को मिली गुप्त सूचना के बाद एसडीपीओ संदीप सुमन और सदर थाना प्रभारी विपिन कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम ने पहले से ही घेराबंदी कर दी थी। जब दबिश दी गई तो तस्कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
तस्करों के पास से 31.19 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल आई-20 कार और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए। इस मामले में सदर थाना में कांड संख्या 06/2026 दर्ज की गई है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान रूपेश कुमार दांगी, नीरज कुमार यादव, प्रकाश कुमार दांगी, लक्ष्मण कुमार दांगी और राकेश कुमार दांगी के रूप में हुई है। पुलिस अब उनकी आपराधिक गतिविधियों और ब्राउन शुगर के स्रोत की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नशा कहां से आया और किन इलाकों में इसकी सप्लाई होनी थी।
