पूर्वी सिहंभूमि

टाटानगर स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 6 किलो गांजा सहित दो तस्कर गिरफ्तार

RPF

Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की उड़नदस्ता टीम ने रविवार तड़के मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। विशेष जांच के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से कुल 6.08 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये आंकी गई है।

RPF के अनुसार, कार्रवाई चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. शंकर कुट्टी के निर्देश पर की गई। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर स्टेशन पर निगरानी बढ़ाई गई थी। संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए दो युवकों को रोका गया और तलाशी लेने पर गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला कि यह तस्करी सुनियोजित तरीके से की जा रही थी।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ओडिशा के तुसरा इलाके से ट्रेन संख्या 18006 समलेश्वरी एक्सप्रेस के जरिए गांजा लेकर टाटानगर पहुंचे थे। योजना के अनुसार, इस गांजे को पटना होते हुए बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में पहुंचाया जाना था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शर्मा यादव और सत्यनारायण साहनी के रूप में हुई है। दोनों पश्चिमी चंपारण जिले के रूपही टांड क्षेत्र के निवासी हैं।

RPF ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को बरामद गांजे के साथ रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया। मामले में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के माध्यम से होने वाली नशे की तस्करी पर सतत नजर रखी जा रही है और भविष्य में ऐसी कार्रवाई और तेज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *