धनबाद

धनबाद में महिला ने दिखाई बहादुरी, दिनदहाड़े चोरी की साजिश हुई नाकाम

चोरी

Dhanbad : धनबाद थाना क्षेत्र के हीरापुर हटिया में एक युवक द्वारा दिनदहाड़े चोरी की कोशिश की गई, जिसे गृहस्वामी की पत्नी और स्थानीय लोगों की सतर्कता से पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, एक युवक चोरी की नीयत से एक घर में घुसा था। वह घर के अंदर पलंग का बिस्तर हटा कर सामान की तलाश कर रहा था, तभी गृहस्वामी की पत्नी की नज़र उस पर पड़ गई। महिला ने तुरंत शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर घर के बाहर एक पोल से बांध दिया।

इसके बाद, घटना की सूचना धनबाद थाना पुलिस को दी गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। गृहस्वामी गुड्डू सिंह ने बताया कि यदि उनकी पत्नी ने चोर को समय रहते न देखा होता, तो बड़ी चोरी हो सकती थी। उन्होंने अपने पड़ोसियों की मदद की सराहना की और कहा कि उनकी तत्परता से ही चोर पकड़ा जा सका।

पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया युवक कुम्हार पट्टी इलाके का रहने वाला है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वह पहले किसी चोरी की घटना में शामिल रहा है या नहीं।

घटना के बाद, स्थानीय लोगों ने पुलिस से अपील की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *