Home

रांची पुलिस की कार्रवाई: ब्राउन शुगर के साथ 7 तस्कर गिरफ्तार, सरगना पर 16 केस दर्ज

रांची :
एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर डीएसपी के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 85.71 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है।

प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तिरिल थाना क्षेत्र के शांतिनगर, रोड नंबर-10 स्थित बाबला राम के घर पर छापेमारी की। छापे के दौरान मौके से अम्बर कुमार राम उर्फ तपन, बाबला राम, मुन्नी देवी और दिव्या कुमारी को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के क्रम में अन्य सामानों के साथ ब्राउन शुगर भी बरामद हुई।

गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त अम्बर कुमार राम की निशानदेही पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए पियुष कुमार, समीर तिर्की और अमन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी सदर थाना क्षेत्र के कोकर बाजार और शांतिनगर इलाके के निवासी एवं किरायेदार बताए जा रहे हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य सरगना अम्बर कुमार राम के खिलाफ सदर थाना में 13 तथा अन्य थानों में 3, कुल 16 आपराधिक मामले पूर्व से दर्ज हैं। रांची पुलिस द्वारा बुधवार को सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *