रांची

अंतर्राष्ट्रीय निर्वाचन सम्मेलन की तैयारी को लेकर सीईओ के. रवि कुमार ने शिक्षाविदों के साथ की बैठक


रांची। निर्वाचन से जुड़े आगामी अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बुधवार को निर्वाचन सदन में राज्य के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षाविदों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला में प्रस्तावित व्याख्यान को वैश्विक मानकों के अनुरूप अधिक प्रभावी और समृद्ध बनाना था।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि झारखंड के शैक्षणिक संस्थानों का निर्वाचन प्रक्रिया में हमेशा से अहम योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान वे मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता सूची से संबंधित विषयों पर व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे, जिसके लिए अकादमिक विशेषज्ञों से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।

बैठक में राज्य के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के विषय विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया और प्रस्तुतीकरण को और बेहतर बनाने के लिए अपने विचार साझा किए। इसमें सेंट जेवियर्स कॉलेज, नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (NUSRL), केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड तथा एमिटी यूनिवर्सिटी के शिक्षक शामिल थे।

इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन कार्यालय के नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर भी उपस्थित थे। बैठक में अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *