देश

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़, 9 श्रद्धालुओं की मौत

आंध्र प्रदेश : आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार को एकादशी के अवसर पर भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। इस हादसे में 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार कार्तिक मास के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। भीड़ इतनी अधिक हो गई कि प्रशासन और मंदिर प्रबंधन स्थिति संभाल नहीं पाए। अचानक धक्का-मुक्की होने से भगदड़ मच गई और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। राहत और बचाव कार्य जारी है तथा घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा, “काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ की घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं।” मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को तत्काल और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को राहत और पुनर्वास कार्यों की निगरानी करने का आदेश दिया है।

राज्य सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि “यह घटना एकादशी के मौके पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के एकत्र होने के कारण हुई। प्रशासन की टीमें मौके पर हैं और स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *