रांची

झारखंड में होगी 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता, 8 राष्ट्रीय स्पर्धाओं में जुटेंगे 5 हजार से अधिक खिलाड़ी

JEPC ने खेल संघों के साथ की समन्वय बैठक, नवंबर 2026 से जनवरी 2027 तक सात खेल विधाओं में होंगे मुकाबले; राष्ट्रीय स्कूली खेलों में झारखंड के खाते में अब तक 266 पदक

रांची। झारखंड को 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता (SGFI) सत्र 2026-27 के तहत आठ राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली है। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन राज्य में सात खेल विधाओं के अंतर्गत किया जाएगा। इनमें देशभर से 5,000 से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने का अनुमान है। आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC), रांची के कॉन्फ्रेंस हॉल में विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग के नेतृत्व में हुई। इसमें प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन, खेल स्थलों और आधारभूत संरचनाओं की उपलब्धता, खेल उपकरणों, तकनीकी अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति तथा स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विस्तार से चर्चा की गई। खेल संघों की भूमिका और जिम्मेदारियों को लेकर भी आवश्यक विचार-विमर्श हुआ।

नवंबर से जनवरी तक होंगी राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं

झारखंड में आयोजित होने वाली आठ राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का खेलवार कार्यक्रम इस प्रकार है।

खेल एवं आयु वर्गआयोजन तिथि
ताइक्वांडो (अंडर-19 बालक एवं बालिका)26 से 30 नवंबर 2026
फुटबॉल (अंडर-14 बालिका)11 से 15 दिसंबर 2026
फुटबॉल (अंडर-17 बालिका)18 से 22 दिसंबर 2026
वुशु (अंडर-19 बालक एवं बालिका)7 से 10 जनवरी 2027
साइक्लिंग (अंडर-14, 17 एवं 19 बालक एवं बालिका)7 से 10 जनवरी 2027
बास्केटबॉल (अंडर-19 बालिका)13 से 16 जनवरी 2027
योगासन (अंडर-19 बालक एवं बालिका)13 से 15 जनवरी 2027
हॉकी (अंडर-17 बालक)28 से 31 जनवरी 2027

चार वर्षों में झारखंड ने जीते 266 पदक

बैठक में सत्र 2022-23 से 2025-26 तक राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में झारखंड के प्रदर्शन की जानकारी भी साझा की गई। इस अवधि में राज्य के खिलाड़ियों ने कुल 266 पदक अपने नाम किए हैं। इनमें 77 स्वर्ण, 85 रजत और 104 कांस्य पदक शामिल हैं।

यह उपलब्धि राज्य में स्कूली खेलों के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की प्रतिभा को दर्शाती है। आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी को राज्य के खेल ढांचे और आयोजन क्षमता को मजबूत करने के अवसर के रूप में भी देखा जा रहा है।

खेल संघों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

बैठक में झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन सह झारखंड वुशु एसोसिएशन के शिवेंद्र नाथ दुबे, झारखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन के मिथलेश कुमार, झारखंड योग एसोसिएशन के आदित्य कुमार सिंह, झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के आशीष बोस और झारखंड साइक्लिंग एसोसिएशन के सुरजीत कुमार शामिल हुए।

हॉकी झारखंड की ओर से अभिषेक कुमार साहू, दीपक मारथो, सुशी बनर्जी, रजनी बख्शी, प्रदीप कुमार और सुभाष प्रसाद ने बैठक में भाग लिया। इसके अलावा खेल कोषांग के मो. मुदस्सर, विद्या कुमारी, शंकर पाल, सरोज मालाकार, शशांक कुमार सिंह, उमेश दास, चंद्रदेव सिंह, अनुराग कुमार गिरी, कलावती कुमारी, विशाल रवि, कृष्णा कुमार दुबे, जितेंद्र कुमार, मनोज साहू, अंजनी कुमार, सुशील कच्छप, संजय यादव और अजीत कुमार भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *