69वीं राष्ट्रीय स्कूली बालिका फुटबॉल: अंडर-14 में झारखंड सेमीफाइनल में, बिहार-केरल-हरियाणा ने भी किया प्रवेश
रांची। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। प्रतियोगिता के चौथे दिन बीआईटी मेसरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स फुटबॉल मैदान, नवोदय विद्यालय फुटबॉल मैदान, कांके फुटबॉल मैदान तथा खेलगांव स्थित प्रैक्टिस मैदान में लगातार संघर्षपूर्ण और उत्साह से भरपूर मुकाबले खेले गए।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 39 राज्यों एवं इकाइयों से आई बालिका फुटबॉल खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बे का परिचय दिया। अंडर-14 और अंडर-17 दोनों आयु वर्गों में लीग मुकाबलों के बाद 16-16 टीमें प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं, जहां हर मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा।
अंडर-14 वर्ग के मुकाबले
अंडर-14 बालिका वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में हरियाणा ने चंडीगढ़ को 3-0 से, केरल ने पंजाब को 4-1 से, मणिपुर ने उत्तर प्रदेश को 9-0 से, तमिलनाडु ने आईबीएसओ को 4-1 से, बिहार ने उत्तराखंड को 13-0 से, पश्चिम बंगाल ने छत्तीसगढ़ को 3-0 से तथा महाराष्ट्र ने राजस्थान को 2-0 से पराजित किया। वहीं अंतिम प्री-क्वार्टर मुकाबले में झारखंड ने गुजरात को 7-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पश्चिम बंगाल को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से पराजित कर सेमीफाइनल में स्थान सुनिश्चित किया। अन्य मुकाबलों में हरियाणा ने मणिपुर को पेनाल्टी शूटआउट में 2-0 से, केरल ने तमिलनाडु को 2-0 से तथा बिहार ने महाराष्ट्र को 4-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
अंडर-17 वर्ग के मुकाबले
अंडर-17 बालिका वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में झारखंड ने उड़ीसा को 5-0 से, हरियाणा ने नागालैंड को 4-0 से और महाराष्ट्र ने आंध्र प्रदेश को 3-0 से पराजित किया। मिजोरम ने केरल के विरुद्ध वॉकओवर दिया। इसके अलावा केवीएस ने चंडीगढ़ को 1-0 से, तमिलनाडु ने पंजाब को 3-2 से तथा गुजरात ने राजस्थान को 1-0 से हराया। अंतिम प्री-क्वार्टर मुकाबले में मणिपुर ने मेघालय को 5-4 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
समाचार लिखे जाने तक अंडर-17 वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले जारी थे। प्रतियोगिता के तहत कल दोनों आयु वर्गों के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें झारखंड सहित देश की शीर्ष टीमों के बीच कड़े संघर्ष और उच्च स्तरीय फुटबॉल का रोमांच देखने को मिलेगा।
