69वीं राष्ट्रीय स्कूली बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता: दूसरे दिन झारखंड का दबदबा, अंडर-14 व अंडर-17 दोनों वर्गों में शानदार जीत

रांची। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता (SGFI) के दूसरे दिन भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। अंडर-14 और अंडर-17 बालिका वर्ग में विभिन्न राज्यों एवं इकाइयों के बीच खेले गए लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना, अनुशासन और उच्च स्तरीय कौशल का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के मुकाबले बीआईटी मेसरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नवोदय विद्यालय फुटबॉल मैदान, खेलगांव प्रैक्टिस ग्राउंड और कांके मैदान में खेले जा रहे हैं। दूसरे दिन मेजबान झारखंड की बालिकाओं ने दोनों आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में झारखंड ने मध्य प्रदेश को एकतरफा मुकाबले में 6–0 से हराया, वहीं अंडर-14 वर्ग में झारखंड ने कर्नाटक को 4–0 से पराजित कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
अंडर-17 बालिका वर्ग के प्रमुख परिणाम
तमिलनाडु ने जम्मू-कश्मीर को 8–0 से, IPSC ने विद्या भारती को 3–0 से, पंजाब ने मध्य प्रदेश को 2–1 से और मेघालय ने असम को 1–0 से हराया। आंध्र प्रदेश ने NVS को 4–0 से, केरल ने तेलंगाना को 5–0 से तथा गुजरात ने दिल्ली को 2–0 से पराजित किया। CISCE ने छत्तीसगढ़ को 3–1 से, चंडीगढ़ ने कर्नाटक को 3–0 से और तमिलनाडु ने बिहार को 4–0 से हराया।
नागालैंड बनाम KVS का मुकाबला 0–0 से ड्रॉ रहा, जबकि मिजोरम बनाम CBSE का मैच 1–1 से और मणिपुर बनाम आंध्र प्रदेश का मुकाबला 0–0 से ड्रॉ रहा। IBSO और चंडीगढ़ के बीच मुकाबला भी ड्रॉ रहा, वहीं दिल्ली ने तेलंगाना को 2–0 से पराजित किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग के परिणाम
छत्तीसगढ़ ने विद्या भारती को 4–0 से, तमिलनाडु ने IPSC को 10–0 से और मणिपुर ने आंध्र प्रदेश को 7–0 से हराया। बिहार ने पंजाब को 3–0 से, राजस्थान ने दिल्ली को 3–1 से पराजित किया। जम्मू-कश्मीर बनाम तेलंगाना तथा CISCE बनाम चंडीगढ़ के मुकाबले ड्रॉ रहे। मेजबान झारखंड ने कर्नाटक को 4–0 से हराकर अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखा।
प्रतियोगिता को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोजन समिति के सभी सदस्य पूर्ण मनोयोग और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव श्री धीरसेन ए. सोरेंग द्वारा प्रतियोगिता की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और निष्पक्ष खेल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

