खेलरांची

69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता: तीरंदाजी में झारखंड की प्रिया माहाली बनीं ओवरऑल चैंपियन, वुशु में चार खिलाड़ियों ने जीते कांस्य पदक

मणिपुर के खुमान लम्पक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 14 से 18 जनवरी 2026 तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता (एसजीएफआई) में झारखंड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। इस प्रतियोगिता में झारखंड की तीरंदाजी और वुशु टीम स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के नेतृत्व में भाग ले रही है।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन आयोजित तीरंदाजी स्पर्धा में इंडियन इंडिविजुअल राउंड (ओलंपिक राउंड) 40 मीटर, अंडर-19 बालिका वर्ग में झारखंड की प्रिया माहाली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रिया ने अपने धैर्य, सटीक निशाने और उत्कृष्ट तकनीक का परिचय देते हुए इस प्रतियोगिता में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जिससे झारखंड को एक और बड़ी उपलब्धि मिली।

वहीं, खुमान लम्पक स्पोर्ट्स इनडोर स्टेडियम में आयोजित वुशु अंडर-19 बालक वर्ग प्रतियोगिता में भी झारखंड के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। झारखंड के चार खिलाड़ियों ने अपने-अपने भार वर्ग में जीत दर्ज करते हुए कांस्य पदक पक्का किया।
अंडर-52 किग्रा भार वर्ग में ध्रुव द्विवेदी ने विद्याभारती के खिलाड़ी को पराजित कर कांस्य पदक जीता।
अंडर-60 किग्रा भार वर्ग में देव कुमार बेड़िया ने बिहार के खिलाड़ी को हराया।
अंडर-75 किग्रा भार वर्ग में राज कुमार ने विद्याभारती के खिलाड़ी को मात दी।
वहीं अंडर-80 किग्रा भार वर्ग में सुप्रित ने केरल के खिलाड़ी को पराजित कर कांस्य पदक सुनिश्चित किया।

इस सफलता में टीम के साथ गए कोच एवं मैनेजर रोहित कुमार, गंगाधर, ललिता लुगुन, प्रवीण बजराई तथा एचओडी सुशील कच्छप का अहम योगदान रहा, जिन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा दी।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव श्री उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी श्री सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग, राज्य खेल कोषांग के सदस्यों सहित संबंधित कोच, मैनेजर एवं सहयोगी स्टाफ ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *