लोहरदगा

लोहरदगा में भारतीय खनिज धातु मजदूर महासंघ की 57वीं केंद्रीय कार्यसमिति बैठक शुरू

लोहरदगा, 26 सितंबर । भारतीय मजदूर संघ की औद्योगिक इकाई भारतीय खनिज धातु मजदूर महासंघ की 57वीं केंद्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक शनिवार को लोहरदगा के अग्रसेन भवन में शुरू हुई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर पंडित ने की। बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से खनिज, धातु समेत विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े यूनियन प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में श्रमिकों की समस्याओं, अधिकारों, औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की भागीदारी तथा संगठन को मजबूत करने सहित श्रम जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में श्रमिकों के सामने आ रही समस्याओं और चुनौतियों की जानकारी साझा की तथा उनके समाधान को लेकर सुझाव रखे।

महासंघ के महामंत्री भोला सोनी ने बैठक का संचालन किया। वक्ताओं ने औद्योगिक क्षेत्र में बदलती परिस्थितियों के बीच श्रमिक हितों की रक्षा और श्रमिक संगठनों की भूमिका पर विचार रखे। बैठक में देश के विभिन्न हिस्सों में कार्यरत श्रमिक संगठनों के अनुभवों और सुझावों को साझा करते हुए संगठनात्मक रणनीति पर भी चर्चा की जा रही है।

कार्यक्रम में संघ के प्रांत संघचालक सच्चिदानंद अग्रवाल, रामचंद्र गोप, क्षेत्र संगठन मंत्री धर्मदास शुक्ला, नॉन कोल सह प्रभारी डीके पांडेय समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक को लोहरदगा में आयोजित कराने में स्थानीय स्तर पर रामचंद्र गोप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने आयोजन की तैयारियों तथा विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिनिधियों के समन्वय में सहयोग किया। बैठक के दूसरे दिन रविवार को भी श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अलग-अलग सत्रों में विचार-विमर्श होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *