Home

रांची में ‘लाईट हाउस परियोजना’ के तहत 310 आवेदकों को मिलेगा आवास, इस दिन होगी लॉटरी

Ranchi : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत भागीदारी में किफायती आवास योजना ‘लाईट हाउस परियोजना’ के तहत रांची में सुयोग्य 310 आवेदकों को लॉटरी के माध्यम से आवास आवंटित किया जाएगा। रांची नगर निगम ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। रांची नगर निगम के अनुसार, स्वीकृत आवेदकों की सूची आज यानी गुरुवार को जारी कर दी गई है। यह सूची निगम कार्यालय के सूचना पट्ट पर और रांची नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.ranchimunicipal.com में उपलब्ध है। नगर निगम ने सूची में शामिल सभी आवेदकों से 24 जनवरी 2026 को लॉटरी प्रक्रिया में अनिवार्य रूप से शामिल होने की अपील की है। लॉटरी के दौरान आवेदकों को पहचान प्रमाण के रूप में वोटर आईडी कार्ड या आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।

लॉटरी कार्यक्रम का विवरण

सुयोग्य आवेदकों की सूची आज यानी 22 जनवरी को जारी की गई है। आवास आवंटन के लिए लॉटरी प्रक्रिया 24 जनवरी को आयोजित की जाएगी। लॉटरी का आयोजन रांची नगर निगम कार्यालय के 8वें तल्ले पर किया जाएगा। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आवेदकों का रजिस्ट्रेशन सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक होगा, जबकि लॉटरी प्रक्रिया दोपहर 12:00 बजे से शुरू की जाएगी। नगर निगम ने बताया कि निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने वाले आवेदकों को लॉटरी प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को किफायती और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *