27वीं एसआर रूंगटा मेमोरियल बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमदार प्रदर्शन
पश्चिमी सिंहभूम, 4 अगस्त – जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 27वीं एसआर रूंगटा मेमोरियल जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025 का समापन सोमवार को उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन एसआर रूंगटा ग्रुप द्वारा प्रायोजित किया गया था।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों ने शानदार खेल भावना और कौशल का परिचय दिया। उन्होंने विजेता, उपविजेता सहित सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि मेहनत और समर्पण से खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
एएसपी पारस राणा ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जूनियर खिलाड़ियों को सीनियर खिलाड़ियों से मुकाबला कर खुद को बेहतर साबित करना होगा, तभी वे आगे बढ़ सकेंगे।
इस अवसर पर एसोसिएशन के सचिव अशोक जोशी ने एसआर रूंगटा ग्रुप का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में 17 वर्गों में कुल 213 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जबकि पिछले वर्ष यह प्रतियोगिता 14 वर्गों में आयोजित की गई थी।
फाइनल मुकाबलों में कबीर हेंब्रम, समृद्धि हेंब्रम, मनीष हेंब्रम, रमीज आलम, और शैरोन कुजूर सहित कई खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किए।
समृद्धि हेंब्रम ने विशेष रूप से अंडर-15, अंडर-17 बालिका एकल और युगल वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
