25वीं झारखंड राज्य जूनियर शतरंज चैंपियनशिप: अंडर-7 और अंडर-11 वर्ग के विजेताओं का हुआ सम्मान
रांची, 12 जून 2026:
सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 25वीं झारखंड राज्य जूनियर शतरंज चैंपियनशिप 2026 में शुक्रवार को अंडर-7 एवं अंडर-11 वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफियों पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी रणनीति और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अंडर-7 बालिका वर्ग में पूर्वी सिंहभूम की मानन्या मार्डी, रांची की ईशान्वी सिन्हा, रांची की ध्वनि मोदी तथा पश्चिमी सिंहभूम की सनाया सिंह ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।
वहीं अंडर-11 ओपन वर्ग में रांची के मार्क रतन लकड़ा, पश्चिमी सिंहभूम के अधिक अद्वितीय राज, पूर्वी सिंहभूम के मैती सौरिष तथा हजारीबाग के सरनम समर्थ विजेता खिलाड़ियों में शामिल रहे।
अंडर-11 बालिका वर्ग में पूर्वी सिंहभूम की नायरा आदित्य, ज़ायरा अहमद, रांची की रेसा मायरा लकड़ा, पूर्वी सिंहभूम की अनिष्का तथा पश्चिमी सिंहभूम की सवीना ने ट्रॉफी जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
दूसरी ओर अंडर-11 ओपन वर्ग के अन्य मुकाबलों में पूर्वी सिंहभूम के रूद्रनिल रॉय, रांची के कबीर आदित्य, पूर्वी सिंहभूम के अभिज्ञान, हजारीबाग के अद्विक भूषण तथा पूर्वी सिंहभूम के रियान मोहन ने भी ट्रॉफी हासिल कर अपने जिलों का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं राज्य में शतरंज के विकास और नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में किया जा रहा है, जहां विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी राज्य स्तरीय खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर के लिए उभरती प्रतिभाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
