22वीं रांची जिला सब-जूनियर वुशु चैंपियनशिप में 226 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
रांची, 12 जुलाई: रांची जिला वुशु संघ के तत्वावधान में शहीद बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम स्थित वुशु हॉल, मोराबादी में आयोजित 22वीं रांची जिला सब-जूनियर वुशु चैंपियनशिप-2026 का सफल समापन हुआ। एक दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों, क्लबों, अकादमियों और वुशु प्रशिक्षण केंद्रों से 226 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड सेपक टकरॉ एसोसिएशन के अध्यक्ष उदय साहू ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के साथ खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा रांची जिला वुशु संघ द्वारा जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
दिनभर चली प्रतियोगिता में सांडा और ताउलू की कुल 35 स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीकी कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता का संचालन वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के नियमों के अनुरूप तकनीकी अधिकारियों की देखरेख में संपन्न हुआ।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में झारखंड युवा आयोग के सदस्य सचिव वेद रतन मोहन मुख्य अतिथि तथा झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष शिवेन्द्र नाथ दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए पदक विजेताओं को आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। विजेताओं को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में दीपक गोप, रत्नेश कुमार, कार्तिक राम, विमला टोप्पो, बासुदेव टोप्पो, निशांत तिर्की, डुल्ला किसपोट्टा, इंद्राशीष राय, सोनी मिंज, संजना कुमारी, लक्ष्य सोरेन, प्रिया गाड़ी, आकाश उरांव, आस्था उरांव, शशिकांत महतो, एल. प्लेटोदीप सिंह, ध्रुव द्विवेदी, अमन कुमार और तनुश्री सहित तकनीकी अधिकारियों, रेफरी, प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रतियोगिता की मुख्य उपलब्धियां
- कुल प्रतिभागी: 226
- सांडा एवं ताउलू की कुल स्पर्धाएं: 35
- सभी विजेताओं को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
प्रमुख पदक विजेता
बालक सांडा: प्रसिध कुमार साव, अंकित कुमार, जयपाल बेदिया, आराय कुमार, जयदीप कुमार, भावेश उरांव, मोहम्मद शेर अली, अपन बेदिया, साहिल हसन, आयुष कुमार, सचिन गोराई, दिव्यांशु सुमन और गौरव साहू ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।
बालिका सांडा: पुष्पा कुमारी, अदिति तिर्की, अंगल तिर्की, परी राज कुमारी, राहत फलक, प्रकृति प्रिया, उषा कुमारी, करिना कुमारी, सुनैना कुमारी, अनीशा कुमारी, प्राची कुमारी और तेजल बेक्सटर ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
ताउलू स्पर्धा: वत्सल, मयंक सिंह, तुषार कुमार, सृष्टि कुमारी, रिया कुमारी, अनिका तिवारी, काव्या, पलक सांडिल्य, संगीता मंडल और ऋतिका शर्मा ने विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए।
रांची जिला वुशु संघ ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों, तकनीकी अधिकारियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही सभी पदक विजेताओं को आगामी झारखंड राज्य सब-जूनियर वुशु चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं।
19 जुलाई को होगी रांची जिला सीनियर वुशु प्रतियोगिता
रांची जिला वुशु एसोसिएशन के अध्यक्ष चंचल भट्टाचार्य ने बताया कि रांची जिला सीनियर वुशु प्रतियोगिता का आयोजन 19 जुलाई को वुशु हॉल, मोराबादी में किया जाएगा। इसी प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए रांची जिला टीम का चयन किया जाएगा।
