झारखंड

श्री श्याम मंदिर में 224वां श्री श्याम भंडारा संपन्न, भक्तों की उमड़ी भीड़

अग्रवाल परिवार ने किया भंडारा निवेदित, वृद्धाश्रम और गौशाला के लिए भी भेजा गया प्रसाद

रांची, 28 नवंबर 2026। श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 224वें श्री श्याम भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस बार का भंडारा सौरभ अग्रवाल एवं रेखा अग्रवाल के परिवार की ओर से निवेदित किया गया था। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और बाबा श्री श्याम का प्रसाद ग्रहण किया।

भंडारे के अवसर पर मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा, यजमान परिवार और उनके इष्ट-मित्रों ने संयुक्त रूप से बाबा श्री श्याम के भोग एवं भजन में भाग लिया। ‘आओ आओ भोग लगाओ बाबा श्याम जी’ भजन से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।

भोग के बाद शुरू हुआ प्रसाद वितरण

सबसे पहले बाबा श्री श्याम को भंडारे का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद महाप्रसाद में भोग मिलाया गया। अग्रवाल परिवार के सदस्यों ने मंदिर के आचार्यों को भोजन प्रसादी ग्रहण कराई। प्रथम देव श्री गणेश जी महाराज की जयकारों के बीच श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण शुरू हुआ।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं को अजवाइन की पूरी, आलू-मिक्स सब्जी, केसरिया जलेबी, चूरमा और खीर का प्रसाद वितरित किया गया।

गौशाला और वृद्धाश्रम तक पहुंचा प्रसाद

मंडल की ओर से बताया गया कि प्रत्येक शनिवार को भंडारे का भोग गौशाला में गौमाता के लिए भेजा जाता है। मंदिर के सदस्य और सहयोगी स्वयं गौशाला पहुंचकर प्रसाद उपलब्ध कराते हैं। इस बार भंडारे का प्रसाद बरियातू स्थित वृद्धाश्रम में भी भेजा गया।

मंडल के अनुसार, निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी के निर्देशानुसार मंदिर में भंडारे का प्रसाद शुद्धता के साथ तैयार किया जाता है।

50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने संभाली व्यवस्था

भंडारे के दौरान श्री श्याम मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भर गया। हरमू रोड पर भी भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। ‘खाटू नरेश की जय’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

आयोजन में मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, महामंत्री गौरव अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य एवं राज्यसभा के पूर्व सांसद अजय मारू, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, अशोक लाडिया, रतन शर्मा, पवन केडिया, अमित सरावगी, कमलेश सावा, मनोज माहेश्वरी, अंकित सिंह, हर्ष मिश्रा, मनोज खेतावत और उपेन्द्र पांडेय सहित 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।

इसकी जानकारी मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *