श्री श्याम मंदिर में 223वां सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ आयोजित, भजनों से गूंजा हरमू रोड
रांची: श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 223वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान “राम सिया राम, सिया राम, जय जय राम” के सामूहिक गायन और बजरंग बली के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर लगाया गया भोग
मंडल के निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया ने सुनील मोदी से बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित करवाई। इसके बाद केसरिया पेड़ा, गुड़, चना और फल का भोग बालाजी महाराज को अर्पित किया गया।
सुनील मोदी ने श्रीरामचरितमानस ग्रंथ का पूजन किया और पाठ वाचकों का चंदन-वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
संगीतमय सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ
पाठ वाचक मनीष सारस्वत और ओम शर्मा ने सहयोगियों के साथ ढोलक और ढपली की स्वर लहरियों के बीच श्री गणेश वंदना की। इसके बाद श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। उपस्थित भक्तों से संगीतमय सुंदरकांड का पाठ भी करवाया गया।
कार्यक्रम के दौरान भक्तजन श्री हनुमान जी महाराज की आराधना में लीन रहे। पाठ के बीच विभिन्न भजनों का गायन भी हुआ। सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद पुनः हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और महाआरती के बाद भक्तों के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
भक्तों ने दी प्रसाद सेवा
कार्यक्रम में श्रवण ढानढनिया ने चना प्रसाद, पुष्पा देवी पोद्दार ने केसरिया पेड़ा, मनीष साहू ने गिरिगोला और राजेश जायसवाल ने फल प्रसाद की सेवा निवेदित की।
इस अवसर पर मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रवण ढानढनिया, अशोक लड़ियां, कृष्णा, अंकित सिंह, ऋषभ चौरसिया, हिमांशु कुमार सहित बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे।
30 सितंबर को 219वां श्री श्याम भंडारा
श्री श्याम मंदिर, हरमू रोड में 30 सितंबर को 219वें श्री श्याम भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से भंडारे में शामिल होने का आग्रह किया है।
