रांची

221वां श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ संपन्न

रांची, संवाददाता। श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 221वां श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान “राम सिया राम, सिया राम, जय जय राम” के गायन और बजरंगबली के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।

मंडल के निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया ने सुनील मोदी से बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्वलित करवाई। इसके बाद केसरिया पेड़ा, गुड़, चना और फल का भोग अर्पित किया गया। सुनील मोदी ने श्रीरामचरितमानस ग्रंथ का पूजन कर पाठ वाचकों का चंदन-वंदन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

पाठ वाचक मनीष सारस्वत और ओम शर्मा ने सहयोगियों के साथ ढोलक एवं ढपली की धुन पर श्रीगणेश वंदना के बाद श्री हनुमान चालीसा का पाठ कराया। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं से संगीतमय श्री सुंदरकांड का पाठ कराया गया। भक्तजन हनुमान जी महाराज की आराधना में लीन रहे। पाठ के बीच भजनों का गायन भी हुआ।

श्री सुंदरकांड पाठ के उपरांत पुनः श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद महाआरती हुई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। श्रवण ढानढनिया ने चना प्रसाद, पुष्पा देवी पोद्दार ने केसरिया पेड़ा, मनीष साहू ने गिरीगोला और राजेश जायसवाल ने फल प्रसाद की सेवा निवेदित की।

इस अवसर पर मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रवण ढानढनिया, अशोक लडि़या, कृष्णा, अंकित सिंह, ऋषभ चौरसिया, हिमांशु कुमार सहित अनेक भक्त उपस्थित रहे।

19 सितंबर को 217वां श्री श्याम भंडारा

हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 19 सितंबर, शनिवार को 217वें श्री श्याम भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से भंडारे में शामिल होने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *