श्री श्याम मंदिर में 216वां सुंदरकांड व हनुमान चालीसा पाठ आयोजित, 12 को हरियाली अमावस्या महास्नान और 15 को भंडारा
रांची (झारखंड)। हरमू रोड स्थित प्रसिद्ध श्री श्याम मंदिर में ‘श्री श्याम मित्र मंडल’ के तत्वावधान में 216वें श्री सुंदरकांड और श्री हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर “राम सिया राम सिया राम जय जय राम” के भजनों और बजरंगबली के जयकारों से गुंजायमान रहा।
संगीतमय सुंदरकांड पाठ से भक्तिमय हुआ माहौल
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल के निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया ने बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने बालाजी महाराज को केसरिया पेड़ा, गुड़, चना और फल-प्रसाद का भोग लगाया। श्रीरामचरितमानस ग्रंथ का पूजन कर पाठ वाचकों का चंदन-वंदन किया गया।
पाठ वाचक मनीष सारस्वत और ओम शर्मा ने अपने सहयोगियों के साथ ढोलक व ढपली की मधुर धुन पर श्री गणेश वंदना और हनुमान चालीसा पाठ के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने संगीतमय सुंदरकांड पाठ में बढ़-चढ़कर भाग लिया। पाठ के दौरान भजनों की प्रस्तुति पर भक्त झूमते नज़र आए। पाठ के अंत में महाआरती के बाद भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
विशेष सेवा निवेदित करने वाले भक्त:
- श्रवण ढानढनिया: चना प्रसाद सेवा
- पुष्पा देवी पोद्दार: केसरिया पेड़ा सेवा
- मनीष साहू: गिरिगोला सेवा
- राजेश जयसवाल: फल प्रसाद सेवा
12 अगस्त को बाबा श्याम का हरियाली अमावस्या महास्नान
श्री श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका ने बताया कि हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 12 अगस्त (बुधवार) को बाबा श्री श्याम का पवित्र ‘श्रावण हरियाली अमावस्या महास्नान’ अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा। यह अनुष्ठान अध्यक्ष गोपाल मुरारका के सान्निध्य में संपूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न होगा।
15 अगस्त को आयोजित होगा 212वां श्री श्याम भंडारा
मंदिर परिसर में 15 अगस्त (शनिवार) को 212वें श्री श्याम भंडारे का भव्य आयोजन किया जाएगा। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं और श्रद्धालुओं से इस भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
कार्यक्रम में ये गणमान्य रहे उपस्थित
इस धार्मिक आयोजन के अवसर पर मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, उपाध्यक्ष श्रवण ढानढनिया, अशोक लड़िया, कृष्णा, अंकित सिंह, ऋषभ चौरसिया, हर्ष मिश्रा और हिमांशु कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
