208वां श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ संपन्न
रांची। श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 208वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर “राम सिया राम, सिया राम जय जय राम” के संगीतमय गायन और बजरंगबली के जयघोषों से भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल के निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया द्वारा नवीन अग्रवाल एवं नेहा अग्रवाल से बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कराकर किया गया। अग्रवाल परिवार ने केसरिया पेड़ा, गुड़, चना एवं फल प्रसाद का भोग अर्पित किया। नवीन अग्रवाल ने श्रीरामचरितमानस ग्रंथ का पूजन कर पाठ वाचकों का चंदन-वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पाठ वाचक मनीष सारस्वत एवं ओम शर्मा ने अपने सहयोगियों के साथ ढोलक और ढपली की मधुर ध्वनि पर श्रीगणेश वंदना के साथ श्री हनुमान चालीसा का पाठ आरंभ किया। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं की सहभागिता से श्री सुंदरकांड का संगीतमय पाठ संपन्न कराया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु श्री हनुमान जी महाराज की भक्ति में लीन रहे तथा बीच-बीच में भजनों का भी गायन किया गया।
सुंदरकांड पाठ के उपरांत पुनः श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और महाआरती के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में श्रवण ढानढनिया, प्रभुदयाल नारसरिया एवं रेखा नारसरिया द्वारा चना प्रसाद सेवा, पुष्पा देवी पोद्दार द्वारा केसरिया पेड़ा सेवा, मनीष साहू द्वारा गिरिगोला सेवा तथा राजेश जायसवाल द्वारा फल प्रसाद सेवा प्रदान की गई।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, उपाध्यक्ष श्रवण ढानढनिया, अशोक लड़ियां, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान, नवीन अग्रवाल, नेहा अग्रवाल, कृष्णा, अंकित कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
20 जून को होगा 205वां श्री श्याम भंडारा
हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाले श्री श्याम भंडारे की श्रृंखला के तहत 20 जून को 205वें श्री श्याम भंडारे का आयोजन संध्या 5 बजे से किया जाएगा। इस अवसर पर गोविंद मोदी एवं उनका परिवार भंडारे की सेवा निवेदित करेगा। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। यह जानकारी मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दी।
