श्री श्याम मंदिर में 198वां सुंदरकांड पाठ, भक्ति में लीन हुए श्रद्धालु
रांची: रांची के हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा 198वां श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर “राम सिया राम सिया राम जय जय राम” के भक्तिमय गायन और बजरंग बली के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम में मंडल के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य राजेश ढांढनिया ने अखंड ज्योति एवं पूजन के सभी कार्य संपन्न कराए। वहीं सुनील मोदी ने बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर केसरिया पेड़ा, गुड़, चना एवं फल का भोग अर्पित किया। उन्होंने श्रीरामचरितमानस ग्रंथ की पूजा कर पाठ वाचकों का चंदन वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पाठ वाचक मनीष सारस्वत और ओम शर्मा ने अपने सहयोगियों के साथ ढोलक-ढपली की मधुर धुन पर श्री गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की और संगीतमय श्री हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड का पाठ कराया। भक्तजन पूरे समय श्री हनुमान जी की भक्ति में लीन रहे।
कार्यक्रम के दौरान भजनों का भी आयोजन हुआ, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। सुंदरकांड पाठ के उपरांत पुनः हनुमान चालीसा का पाठ कर महाआरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर गोपाल मुरारका, श्रवण ढांढनिया, अशोक लड़िया, गौरव अग्रवाल, मनोज खेतान सहित मंडल के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल द्वारा दी गई।
