रांची

रांची विश्वविद्यालय में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस, युवाओं से मतदान में सक्रिय भागीदारी की अपील

रांची, 25 जनवरी । रांची विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में रविवार को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम “मेरा भारत, मेरा मतदान” रखी गई। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के बेसिक साइंस बिल्डिंग परिसर में छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) डॉ. सुदेश कुमार साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

अध्यक्षीय संबोधन में डीएसडब्ल्यू डॉ. सुदेश कुमार साहू ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए मतदान प्रत्येक नागरिक का नैतिक और संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने युवाओं की भूमिका पर विशेष बल देते हुए कहा कि भारत एक युवा आबादी वाला देश है और मतदान प्रतिशत बढ़ाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। उन्होंने छात्रों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. गुरु चरण साहू ने कहा कि मतदान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का सबसे प्रभावी और सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही एक मजबूत और स्वस्थ लोकतंत्र की नींव रखते हैं।

इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. ब्रजेश कुमार ने एनएसएस स्वयंसेवकों को मतदान की शपथ दिलाई और उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनएसएस टीम लीडर्स आकांक्षा, रिकेश, आकाश, अंकित, रिया, उदय, शालिनी, नाज, रवि, रोहित और प्रिंस का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस अवसर पर मुख्य रूप से एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अनिर्बान गुप्ता, डॉ. निक्कू कुमारी, डॉ. आराधना तिवारी, अनुभव चक्रवर्ती, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह एवं डॉ. भोला नाथ तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र, मताधिकार और नागरिक कर्तव्यों को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *