खेल

झारखंड सीनियर कबड्डी टीम चयन की कसौटी बनेगी राज्य प्रतियोगिता, 5 जून से धनबाद में मुकाबले

धनबाद, 4 जून। डॉ. जे.के. सिन्हा मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल ऑफ लर्निंग, धनबाद में आयोजित होने वाली झारखंड राज्य महिला एवं पुरुष सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन 5 जून को शाम 5 बजे किया जाएगा।

झारखंड राज्य कबड्डी संघ एवं धनबाद जिला कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान तथा एसपी क्लब के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों की लगभग 36 महिला एवं पुरुष टीमें तथा 30 तकनीकी अधिकारी भाग ले रहे हैं।

आयोजन अध्यक्ष सरोज प्रसाद के नेतृत्व में प्रतियोगिता की तैयारियां की गई हैं। खिलाड़ियों एवं तकनीकी अधिकारियों के आवास और भोजन की व्यवस्था स्कूल परिसर में ही की गई है। आयोजन सचिव एसपी यादव ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए चार कबड्डी कोर्ट तैयार किए गए हैं तथा सभी मुकाबले मिट्टी के कोर्ट पर खेले जाएंगे।

झारखंड राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष तपन रावत ने बताया कि कई टीमें धनबाद पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष टीमें शुक्रवार सुबह तक पहुंच जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर झारखंड की सीनियर कबड्डी टीम का चयन किया जाएगा, जो कर्नाटक में प्रस्तावित राष्ट्रीय सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर स्कूल के प्राचार्य डॉ. बी. जगदीश राव एवं झारखंड राज्य कबड्डी संघ के महासचिव संजय कुमार झा की देखरेख में आयोजन समिति की अंतिम बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सफलता सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।

बैठक में धनबाद जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव, महासचिव मंटू कुमार ठाकुर, उपाध्यक्ष श्री मंडल, तकनीकी समिति के अध्यक्ष ए.एम. त्रिपाठी, आयोजन समिति के अध्यक्ष सरोज प्रसाद, आयोजन सचिव एसपी यादव, कोषाध्यक्ष सन्नी राय, अंकित पासवान, प्रवीण कुमार, अंकित गिरी, महेश कुमार, रवि कुमार, दीपक कुमार, प्रेम कुमार सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *