खेल

एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप में झारखंड का दम, दो स्पर्धाओं में सेमीफाइनल और पदक पक्का

नई दिल्ली: नई दिल्ली में आयोजित 17वीं एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप के चौथे दिन झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना जलवा बिखेरा। महिला ट्रिपल्स और पुरुष फोर्स स्पर्धा में खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक पक्का कर लिया है।

महिला ट्रिपल्स स्पर्धा में रूपा रानी तिर्की, रेशमा कुमारी (दोनों झारखंड) और दिल्ली की पिंकी की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

वहीं पुरुष फोर्स स्पर्धा में दिनेश महतो, सुनील बहादुर (दोनों झारखंड), दिल्ली के नवनीत और असम के जयंता की टीम ने भी सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक सुनिश्चित कर लिया।

अब दोनों स्पर्धाओं के सेमीफाइनल मुकाबले कल खेले जाएंगे, जहां से फाइनल में पहुंचने और स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीदें बनी हुई हैं। खेल प्रेमियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या दोनों टीमें फाइनल में जगह बनाकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर पाएंगी।

हालांकि अंडर-25 मिक्स पेयर्स स्पर्धा में झारखंड की बसंती और सौरव की जोड़ी सेमीफाइनल से पहले ही बाहर हो गई, जिससे इस वर्ग में राज्य को निराशा हाथ लगी।

कुल मिलाकर चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा है और आगे के मुकाबलों के लिए उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *