रांची

सीआईडी ने 2.98 करोड़ की साइबर ठगी के आरोपी को किया गिरफ्तार


रांची, 03 अगस्त । झारखंड की राजधानी रांची में अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की साइबर क्राइम थाना टीम ने 2.98 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार साइबर अपराधी की पहचान दिनेश कुमार जायसवाल के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर का रहने वाला है।

ग्लोबल इंडिया साइट के नाम पर की गई थी ठगी

सीआईडी की डीएसपी नेहा बाला ने रविवार को प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि 28 जुलाई को कांड संख्या 88/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि टेलीग्राम ऐप पर ग्लोबल इंडिया साइट के एक लिंक के माध्यम से शिकागो बोर्ड ऑफ ऑप्शंस एक्सचेंज में फर्जी मेटल ट्रेडिंग खाता खुलवाकर ऊंचे रिटर्न का लालच दिया गया। इसके तहत विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से 2 करोड़ 98 लाख 66 हजार 750 रुपये की अवैध वसूली की गई।

जमशेदपुर से हुई गिरफ्तारी

मामले की जांच के क्रम में सीआईडी टीम ने जमशेदपुर पुलिस की मदद से छापेमारी कर दिनेश जायसवाल को गिरफ्तार किया। उसके पास से बैंक खाता विवरण व अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। डीएसपी ने बताया कि आरोपी के बैंक खाते में पहले से भी करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी से जुड़ी लेन-देन की रिपोर्ट दर्ज है।

नोएडा में भी मामला दर्ज

डीएसपी ने बताया कि नोएडा के सेक्टर-36 थाना में भी उक्त बैंक खाते के खिलाफ एक साइबर ठगी का मामला दर्ज है। एक दिन में उक्त खाते में 1.15 करोड़ रुपये की क्रेडिट हुई थी। गृह मंत्रालय द्वारा संचालित नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से मिली जानकारी के अनुसार यह खाता झारखंड और उत्तर प्रदेश, दोनों स्थानों पर दर्ज मामलों में संदिग्ध है।

अन्य आरोपी और खातों की तलाश जारी

सीआईडी का कहना है कि यह मामला अंतरराज्यीय साइबर अपराध नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। अन्य बैंक खातों, उनके संचालकों और डिजिटल संपत्तियों का भी पता लगाया जा रहा है। जांच अभी जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *