झारखंड चैंबर और स्किल डेवलपमेंट मिशन मिलकर आयोजित करेंगे मेगा जॉब फेयर
12 हजार रोजगार सृजन का लक्ष्य, उद्योगों की जरूरत के अनुसार उपलब्ध कराए जाएंगे प्रशिक्षित अभ्यर्थी
रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की स्किल डेवलपमेंट उप समिति की बैठक शुक्रवार को चैंबर भवन में आयोजित की गई। बैठक में झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसायटी के प्रतिनिधि विजय कुमार, विश्वरूप और चंद्रशेखर सिंह उपस्थित थे। इस दौरान दोनों संस्थाओं के बीच प्रस्तावित एमओयू के प्रारूप और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
उद्योग आधारित कौशल विकास पर रहेगा फोकस
बैठक में उद्योग आधारित कौशल विकास के लिए प्राथमिक क्षेत्रों की पहचान, चैंबर से जुड़े उद्योगों और सदस्यों की स्किल आवश्यकताओं के आकलन तथा राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से संयुक्त रूप से जॉब फेयर आयोजित करने पर सहमति बनी। दोनों संस्थाओं ने उद्योगों की मांग और युवाओं की योग्यता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
संयुक्त तत्वावधान में होगा मेगा जॉब फेयर
बैठक में निर्णय लिया गया कि झारखंड चैंबर और स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में एक मेगा जॉब फेयर आयोजित किया जाएगा। राज्य सरकार ने इस अभियान के तहत पैन इंडिया स्तर पर लगभग 12 हजार रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
गूगल फॉर्म के माध्यम से जुटाई जाएगी रिक्तियों की जानकारी
फेडरेशन अपने सभी सदस्य उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों से उनकी मैनपावर आवश्यकताओं का विवरण प्राप्त करेगा। इसके लिए एक गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें सदस्य अपनी आवश्यकता के अनुसार रिक्त पदों की जानकारी भरेंगे। स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसायटी इन आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित और योग्य अभ्यर्थियों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी।
युवाओं और उद्योगों दोनों को मिलेगा लाभ
चैंबर के उपाध्यक्ष राम बांगड़ और महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि यह पहल झारखंड के स्किल्ड एवं अनस्किल्ड युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे उद्योगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलेगा, जबकि रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
15 जुलाई से शुरू होगा पहला चरण
उप समिति के चेयरमैन प्रियंक भगत ने बताया कि जॉब फेयर का पहला चरण 15 जुलाई से अगस्त के प्रथम सप्ताह तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप अभ्यर्थियों का पंजीकरण, चयन और रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
उद्योग और युवाओं के बीच बनेगा मजबूत सेतु
सह सचिव नवजोत अलंग और रोहित पोद्दार ने इस पहल को उद्योग जगत और युवाओं के बीच मजबूत सेतु बताते हुए कहा कि यह राज्य के रोजगार परिदृश्य को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, उप समिति चेयरमैन प्रियंक भगत, सदस्य रमेश साहू, दिलीप साहू, ज्योति सिंह और शशांक राज सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
