Home

तकनीकी पदाधिकारियों का प्रशिक्षण खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए जरूरी : मथुरा महतो

बोकारो: एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार होटल आर्यन इंटरनेशनल, जैनामोड़ में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय फ्रेशर एवं रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए कबड्डी के तकनीकी पदाधिकारी शामिल हुए।

मुख्य अतिथि झारखंड विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक एवं टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि कबड्डी जैसे देशज खेलों के निष्पक्ष संचालन के लिए तकनीकी नियमों और पहलुओं की पूरी जानकारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य में खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं, ताकि झारखंड खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी राज्य बन सके।

कार्यक्रम की शुरुआत में कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। वहीं, एसोसिएशन के चेयरमैन बिपिन कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि मथुरा प्रसाद महतो, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी कोच एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रशिक्षक के. जगमोहन तथा टी.एन.पी. माधव को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मंत्री प्रतिनिधि मुकेश महतो, जिला परिषद सदस्य अशोक मुर्मू, समाजसेवी डॉ. सी.के. ठाकुर, एसोसिएशन के महासचिव मुकेश कुमार सिंह, तकनीकी समिति के चेयरमैन जगदीश कुमार, वाइस चेयरमैन आलोक कुमार, साधु चरण, कमलेश शर्मा सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए तकनीकी पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *