विवेकानंद का जीवन हमें आत्मविश्वासी होकर राष्ट्र को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित करता है : राज्यपाल

राँची

रांची : राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन हमें आत्मविश्वासी होकर राष्ट्र को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित करता है. विकास भारती विगत 41 वर्षों से जनजातियों के उत्थान की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है. इसके लिए संस्था सराहना का पात्र है. इस संस्थान ने शिक्षा, रोजगार, महिला स्वावलंबन, कौशल विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किया है.

जनजातीय समुदाय प्रकृति प्रेमी होते हैं

राज्यपाल शुक्रवार को रांची के आरोग्य भवन स्थित विकास भारती बिशुनपुर की ओर से आयोजित ‘जनजातीय युवा कला एवं सांस्कृतिक समागम 2024’ कार्यक्रम में बोल रहे थे. राज्यपाल ने कहा कि जनजातीय समुदाय प्रकृति प्रेमी होते हैं. वे जड़ी-बूटियों के बारे में बहुत कुछ जानते हैं. पारंपरिक कौशल उनकी विरासत का हिस्सा है. आवश्यकता है उनके पारंपरिक कौशल को और भी तराशने की. झारखंड खनिज संपदा के मामले में सबसे अव्वल राज्य है. हम इस संसाधन का उपयोग कर एवं साझा प्रयास कर इसका समग्र विकास कर सकते हैं. इसके लिए युवा शक्ति को भी आगे आना होगा.

राज्यपाल ने विभिन्न स्टालों का भ्रमण किया

उन्होंने कहा कि हमलोगों के लिए गर्व की बात है कि आदिवासी समाज की एक महिला राष्ट्रपति पद को सुशोभित कर रही हैं. राज्य के जनजातियों के विकास के लिए जनजातीय कार्य एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा के जरिये लगातार कार्य किया जा रहा है. उन्होंने 85 से अधिक एकलव्य विद्यालय झारखंड को दी है. राज्यपाल ने विभिन्न स्टालों का भ्रमण किया एवं असुर जनजातीय के जरिये लोह निर्माण की कला को भी देखा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *