अंडर-23 झारखंड राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का लोहरदगा में हुआ भव्य शुभारंभ 🤼♀️💐
लोहरदगा : बलदेव साहू स्टेडियम में रविवार को अंडर-23 सीनियर पुरुष फ्रीस्टाइल, ग्रीको रोमन स्टाइल एवं महिला राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता 2025 का रंगारंग उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय डीडीसी श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं बीएस कॉलेज लोहरदगा के प्राचार्य डॉ. शशि कुमार गुप्ता ने बजरंगबली की पूजा-अर्चना और खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर किया।
प्रतियोगिता में 150 से अधिक खिलाड़ी, कोच, मैनेजर और तकनीकी अधिकारी भाग ले रहे हैं। चयनित खिलाड़ियों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर रांची में आयोजित होगा। इसके बाद घोषित टीम 22 से 24 अगस्त तक रांची में होने वाली राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी।
मुख्य अतिथि श्री शेखावत ने कहा—
“कुश्ती विश्वभर में लोकप्रिय खेल है। भारत के पहलवान अंतरराष्ट्रीय स्तर और ओलंपिक में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। झारखंड के खिलाड़ी भी लगातार पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं। लोहरदगा में कुश्ती सेंटर का संचालन होना गर्व की बात है।”
विशिष्ट अतिथि डॉ. गुप्ता ने आश्वासन दिया कि बीएस कॉलेज लोहरदगा की ओर से कुश्ती खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में झारखंड राज्य कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष बबलू कुमार, देवघर जिला सचिव संजीव कुमार झा, राजीव रंजन सिंह, लोहरदगा जिला कुश्ती संघ अध्यक्ष महादेव उरांव, सचिव अजीत भगत, कार्यकारिणी अध्यक्ष विमल कांति सिंह, रामकिशोर टाना भगत, सतनारायण महली, पप्पू कुमार साहू, बीके बालाजी नापा, क्रिकेट कोच अमित कुमार, खेल विभाग के लखन राम, सोनू राज, विनोद उरांव, मुन्ना कुमार साहू सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
मंच संचालन आशीष कुमार आर्य ने किया। इस अवसर पर डॉ. योगेश प्रजापति, गुमला जिला सचिव नितेश साहू, गिरिडीह जिला सचिव युगल कुमार महतो, मृत्युंजय कुमार व अन्य खिलाड़ी मौजूद थे।
