खेलझारखंड

U-23 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता 2025 का रांची में हुआ भव्य उद्घाटन

रांची : गणपत राय इंडोर स्टेडियम, खेलगांव होटवार में शुक्रवार को अंडर-23 सीनियर पुरुष फ्री स्टाइल, ग्रीको रोमन स्टाइल एवं महिला राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता 2025 का भव्य उद्घाटन हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड राज्य कुश्ती संघ द्वारा खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के सहयोग से किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि माननीय खेल, कला, संस्कृति एवं युवा कार्य मंत्री श्री सुदिव्य कुमार थे। उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष श्री संजय कुमार सिंह, हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोलानाथ सिंह, भारतीय कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष श्री देशवाल तथा झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव श्री रजनीश कुमार के साथ मिलकर भगवान श्री बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर प्रतियोगिता की सफलता की कामना की। तत्पश्चात संघ के झंडोत्तोलन एवं खिलाड़ियों से परिचय के बाद प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया गया।

इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से लगभग 850 पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। इनमें कुल 30 स्वर्ण, 30 रजत और 60 कांस्य पदकों के लिए महामुकाबला होगा। उद्घाटन दिवस पर पुरुष फ्री स्टाइल वर्ग में 10 स्वर्ण, 10 रजत और 20 कांस्य पदकों की भिड़ंत से मुकाबलों की शुरुआत हुई।

आयोजन को सफल बनाने में झारखंड राज्य कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष अमरनाथ सिंह, कोषाध्यक्ष बबलू कुमार, हॉकी झारखंड महासचिव विजय शंकर सिंह, राजीव रंजन सहित विभिन्न जिलों के अध्यक्ष व सचिव — सुनिल सिंह, संदीप कुमार, महादेव उरांव, अजीत भगत, सुरेश कुमार, युगल किशोर एवं अन्य पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *