रांची

पुलिस को रौंदने की कोशिश और किन्नरों के साथ मारधाड़ करने के दो आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार

Ranchi : राजधानी में किन्नर के साथ मारधाड़ करने, एस अन्य युवक पर जख्मी करने और पुलिस को रौंदने की कोशिश करने के आरोप में दो लड़कों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लड़कों के नाम गुरफान अंसारी (30 वर्ष) और इस्तियाक अंसारी (25 वर्ष) बताये गये। इनकी काले रंग की बोलेरो को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पहले मारपीट, फिर बोलेरो से कुचलने का आरोप

सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि दो लोगों का किन्नरों के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। आरोप है कि दोनों ने पहले किन्नरों को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद बोलेरो से उन्हें कुचल दिया। बताया जा रहा है कि 2-3 बार गाड़ी चढ़ाई गई। जब आसपास मौजूद किन्नरों और अन्य लोगों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसी दौरान विरोध कर रहे बंटी कुमार नाम के युवक को तेज रफ्तार बोलेरो से टक्कर मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घायल को डिक्की में डालकर भागे

इसके बाद दोनों युवक घायल बंटी कुमार को बोलेरो की डिक्की में डालकर रातू की ओर भाग निकले। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम सक्रिय हो गई और अलग-अलग जगहों पर नाकेबंदी की गई। पुलिस ने जब बोलेरो को रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी को दो बार टक्कर मारी और कुचलने की कोशिश की। इस दौरान अंगरक्षक हवलदार प्रमोद भगत को चोटें आईं।

टायर पर फायरिंग, एक को लगी गोली

पुलिस ने मांडर थाना क्षेत्र के बास्की गांव के पास काले रंग की बोलेरो (नंबर JH01FD-5302) को घेर लिया। पीए सिस्टम से गाड़ी रोकने और सरेंडर करने की चेतावनी दी गई, लेकिन आरोपी नहीं रुके। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा और आम लोगों की सुरक्षा के लिए गाड़ी के टायर पर निशाना लगाकर फायरिंग की। एक गोली आगे वाली सीट पर बैठे शख्स को लगी। इस दौरान आरोपी घायल बंटी कुमार को पुलिस के डर से रास्ते में ही उतारकर फरार होने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने घायल को तुरंत सदर अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पहले से आपराधिक इतिहास

एसपी ने बताया कि इस्तियाक अंसारी के खिलाफ पहले भी नगड़ी थाना कांड संख्या 37/2024 में दंगा, हत्या की कोशिश, सरकारी काम में बाधा, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शहर में इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *